योग 365 अभियान को मिला बल-बरनोटी में भव्य मॉर्निंग योग सत्र आयोजित
कठुआ, 12 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित गतिविधियों की श्रृंखला के तहत ब्लॉक विकास कार्यालय बरनोटी में एक सफल मॉर्निंग योग सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आयुष विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया जो जिले में चल रहे ‘योग 365’ जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा है।
यह आयोजन आयुष निदेशक जम्मू-कश्मीर डॉ. अजय कुमार टिक्कू के निर्देशों, जिला विकास आयुक्त कठुआ राजेश शर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. राकेश शर्मा की निगरानी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ब्लॉक विकास अधिकारी बरनोटी सूरज सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी वर्षा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं फील्ड फंक्शनरीज ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग सत्र के आरंभ से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त भारत” की शपथ ली और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
योग प्रशिक्षक अदिति शर्मा ने कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया जिससे शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर बीडीओ बरनोटी सूरज सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि एक समग्र जीवनशैली है जो शरीर, मन और भावनात्मक संतुलन को सुदृढ़ करती है। उन्होंने आयुष विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी वर्षा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. साक्षी शर्मा ने योग के निवारक स्वास्थ्य देखभाल एवं तनाव प्रबंधन में महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन का आधार बताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ जहां सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया