कठुआ में महिला सप्ताह का भव्य शुभारंभ, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर रहा विशेष फोकस
कठुआ, 02 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ ने महिला डिग्री काॅलेज कठुआ में एक भव्य समारोह के साथ महिला सप्ताह अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम की थीम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ रखी गई जिसमें बालिका की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एडीडीसी सुरिंदर मोहन शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मोहम्मद सैयद खान, एडीसी विशवजीत सिंह, सीपीओ रंजीत ठाकुर, डीएसडब्लूओ वरुण चैधरी सहित अन्य अधिकारी, कॉलेज स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। लिटिल एंजेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि छात्राओं द्वारा महिला सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक भी पेश किया गया। उपायुक्त राजेश शर्मा ने अपने संबोधन में महिलाओं की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशासन महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले छात्रों और प्रो. रचना को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन ने बताया कि महिला सप्ताह के तहत जिले के सभी उप-मंडलों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया