महिला सप्ताह उत्सव-खेल दिवस पर कठुआ में उमड़ा उत्साह, महिलाओं की जोरदार भागीदारी

 


कठुआ, 05 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे महिला सप्ताह अभियान के चैथे दिन खेल दिवस का आयोजन किया गया। जिले भर में आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जिला मुख्यालय कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम और इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि यह अभियान महिलाओं की उपलब्धियों, साहस और योगदान का सम्मान करने के साथ उन्हें एक मंच प्रदान करता है, जिससे वे आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास कर सकें। इस अवसर पर कठुआ और मढ़हीन टीमों के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। इसके अलावा रस्साकशी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जूडो और ताइक्वांडो जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। तहसीलदार नगरी आना जमवाल ने विशेष अतिथि के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए युवाओं को खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उपमंडल स्तर पर भी एडीसी और एसडीएम के मार्गदर्शन में खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। जिले भर में उमड़े उत्साह ने महिला सशक्तिकरण के संदेश को और मजबूती प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया