संतान की दीर्घायु की कामना को लेकर कठुआ में महिलाओं ने रखा जितिया व्रत

 


कठुआ, 3 अक्टूबर (हि.स.)। संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शनिवार को जिला कठुआ में महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ जितिया का कठिन व्रत रखा। औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले बाहरी राज्यों के श्रमिक परिवारों की महिलाओं ने भी अपने-अपने स्तर पर यह पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया।

कठुआ शहर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के परिवारों की महिलाओं ने सुबह स्नान-ध्यान कर पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने संतान के दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना करते हुए पूरे दिन निर्जला व्रत रखा। जितिया पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर महिलाओं ने एकत्र होकर पूजा-अर्चना की और पर्व की धार्मिक परंपराओं का पालन किया। पूजा के दौरान फल, फूल तथा अन्य पूजन सामग्री का इस्तेमाल किया गया।

कठुआ में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से आए लोग औद्योगिक इकाइयों और अन्य क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इन परिवारों ने अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखते हुए कठुआ में भी जितिया पर्व श्रद्धा के साथ मनाया। पर्व के चलते कई श्रमिक बस्तियों और आवासीय क्षेत्रों में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया