सामाजिक सेवा में योगदान देने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
जम्मू, 10 जुलाई (हि.स.)। युवा भगत सभा उप-जिला आर.एस. पुरा ने सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अपनी महिला सदस्यों के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह न महिलाओं को सम्मानित करते हुए समाजहित में उनके समर्पण और निस्वार्थ सेवा की सराहना की। अपने संबोधन में डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सामाजिक विकास की आधारशिला है और उनके योगदान को सदैव सम्मान व प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों को इसी समर्पण के साथ जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में युवा भगत सभा के अध्यक्ष डी.के. भगत, प्रधान देव राज भगत, उपाध्यक्ष दिनेश भगत, महासचिव रोमी भगत, सचिव इंदर पाल भगत, सदस्य राहुल भगत सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभा के पदाधिकारियों ने समारोह में शामिल होने पर मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा को बढ़ावा देने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा