महिलाएं खैरात नहीं, लोकतांत्रिक अधिकार मांग रही हैं : रजनी सेठी
जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रवक्ता रजनी सेठी ने जम्मू-कश्मीर में बीडीसी, डीडीसी और शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों को लेकर नेशनल कांफ्रेंस सरकार पर चुप्पी साधने और स्थिति स्पष्ट नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी तरह की खैरात या राजनीतिक कृपा नहीं बल्कि अपने लोकतांत्रिक अधिकार मांग रही हैं। सेठी ने कहा कि 2018 में लंबे अंतराल के बाद हुए शहरी स्थानीय निकाय चुनाव और उसके बाद बीडीसी व डीडीसी चुनावों ने महिलाओं को जमीनी स्तर पर नेतृत्व का अवसर दिया था। महिलाओं ने इन चुनावों में अपनी क्षमता साबित करते हुए प्रतिनिधि और निर्णयकर्ता के रूप में भूमिका निभाई।
सेठी ने कहा कि मौजूदा सरकार के करीब दो वर्ष पूरे होने के बावजूद इन चुनावों को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल होने तक चुनाव नहीं कराने का तर्क लोकतांत्रिक अधिकारों को अनिश्चितकाल तक टालने का आधार नहीं बन सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला नेतृत्व और समान भागीदारी पर जोर दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायतों, बीडीसी, डीडीसी और नगर निकायों में महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी के अवसर मिलने चाहिए। सेठी ने सरकार से चुनावों की स्पष्ट समयसीमा घोषित कर इन्हें जल्द कराने की मांग की
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा