बदलते समय के साथ हिंदी की उपयोगिता और पहुंच लगातार बढ़ी-डॉ. जयपाल सिंह
कठुआ, 17 सितंबर (हि.स.)। महिला राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ के हिंदी विभाग की ओर से प्राचार्य डॉ. जय पाल सिंह के मार्गदर्शन में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिंदी और भविष्य, हिंदी में रोजगार के अवसर, डिजिटल युग में हिंदी, राष्ट्रीय एकता में हिंदी की भूमिका तथा हिंदी के समक्ष चुनौतियों और उनके समाधान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
छात्राओं ने स्वरचित कविताओं के माध्यम से हिंदी के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध हिंदी कहानी चीफ की दावत का नाट्य रूपांतरण रहा जिसे हिंदी विभाग की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. जय पाल सिंह ने हिंदी के अतीत, वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते समय के साथ हिंदी की उपयोगिता और पहुंच लगातार बढ़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान किया तथा अन्य भाषाओं का ज्ञान हासिल करने को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा लक्ष्मी ने किया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमारी ने स्वागत भाषण दिया जबकि सहायक प्रोफेसर राम मूर्ति ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया