जम्मू-कश्मीर में फिर बदलेगा मौसम
श्रीनगर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मेट्रोलॉजिकल सेंटर श्रीनगर ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू और कश्मीर में शुक्रवार को कुछ जगहों पर हल्की बारिश, आंधी-तूफान, ओले और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
मौसम के अनुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को मौसम आमतौर पर सूखा रहेगा जबकि 1 से 3 नवंबर तक हल्के बादल छाए रहने की उम्मीद है साथ ही 1 नवंबर की देर रात या शाम को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। 4 से 7 नवंबर तक मौसम आमतौर पर सूखा रहने की उम्मीद है हालांकि 5 नवंबर की देर रात या शाम को ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या हल्की बर्फबारी हो सकती है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि 7 नवंबर तक जम्मू और कश्मीर में मौसम में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इस बीच अगर तापमान की बात करें तो शुक्रवार को श्रीनगर में सबसे कम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कश्मीर घाटी के मुख्य स्टेशनों में गुलमर्ग में सबसे कम तापमान -0.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को कटाई और खेती के दूसरे काम जारी रखने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता