औद्योगिक क्षेत्र का पानी वार्ड नंबर 21 में घुसा, सड़क क्षतिग्रस्त, वर्षों पुरानी समस्या पर भड़के लोग
कठुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कठुआ के हटली क्षेत्र से सटे वार्ड नंबर 21 में जलभराव की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। औद्योगिक क्षेत्र से बहकर आने वाला पानी राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करते हुए मोहल्ले में प्रवेश कर गया जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई और लोगों के घरों के आसपास पानी जमा हो गया। समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रति रोष जताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश के दौरान औद्योगिक क्षेत्र और आसपास से आने वाला पानी पिछले कई वर्षों से इसी तरह मोहल्ले में घुसता रहा है लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकाला गया। लोगों के अनुसार कुछ औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला पानी भी बारिश के दौरान मोहल्ले की ओर पहुंच जाता है जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य के लंबे समय से अधर में लटके होने के कारण हाईवे के दोनों ओर बने नालों की निकासी व्यवस्था भी प्रभावित है। नालियां बंद होने से औद्योगिक क्षेत्र और बारिश का पानी आगे नहीं निकल पाता और बहकर वार्ड नंबर 21 के रिहायशी क्षेत्र में पहुंच जाता है। बारिश के बाद सड़क पर पानी भरने और सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवाजाही में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में एक निजी स्कूल भी है और यह मार्ग स्कूली बच्चों के लिए मुख्य रास्ता है। जलभराव और खराब सड़क के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के साथ-साथ बंद नालों की सफाई करवाई जाए और औद्योगिक क्षेत्र से आने वाले पानी की निकासी का स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि हर बरसात में लोगों को इसी समस्या से न जूझना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया