कीढ़ियां-गंडयाल में भारी वाहनों से ग्रामीण परेशान, थाना बदलने की मांग, विधायक ने जारी किए 25 लाख
कठुआ, 03 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने विधानसभा क्षेत्र का दो दिवसीय व्यापक दौरा कर विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं कीं और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों के लिए करीब 25 लाख रुपये जारी करने की घोषणा की।
कीढ़ियां-गंडयाल के रामनगर क्षेत्र में ग्रामीणों ने मांग रखी कि कीढ़ियां और गंडयाल पंचायतों को पुलिस थाना कठुआ के अधीन किया जाए क्योंकि लखनपुर थाना दोनों पंचायतों से काफी दूर है। ग्रामीणों ने रोजाना गुजरने वाले भारी खनन एवं मालवाहक वाहनों से पैदा हो रही समस्या भी विधायक के समक्ष रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि टोल से बचने के लिए बड़ी संख्या में भारी वाहन गांव की सड़क से गुजरते हैं जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। विधायक ने कठुआ मुख्य बाजार के वार्ड नंबर-7 में नाले की सफाई और गाद निकालने के कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा खरोट में बीडीओ सुनील डोगरा व इंजीनियरिंग स्टाफ के साथ विकास कार्यों का जायजा लिया और बाढ़ से क्षतिग्रस्त स्थानों पर क्रेट सुरक्षा सहित अन्य कार्य प्राथमिकता से करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक ने माता काली के प्राचीन मंदिर में माथा टेका और काली माता मंदिर के पास सुरक्षा कार्य के लिए 10 लाख रुपये, लंगर शेड के लिए 1.25 लाख रुपये तथा खरोट नाले के कार्य के लिए 6 लाख रुपये देने की घोषणा की। बाद में उन्होंने चक राम सिंह क्षेत्र का दौरा कर गलियों व नालियों की समस्याओं के समाधान तथा पेयजल संकट दूर करने के लिए डीप बोरवेल हेतु धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया