वेद शर्मा ने दिवंगत जुगल किशोर गुप्ता की चौथी पुण्यतिथि पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का किया उद्घाटन
जम्मू, 05 फ़रवरी (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर के सर्वकोण प्रकोष्ठ प्रभारी वेद शर्मा ने आज रानी तालाब, दिगियाना में भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ संयोजक दीपक गुप्ता द्वारा डॉ. के.डी. मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और नव्या सृजन सेवा संस्थान के सहयोग से आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया। यह चिकित्सा शिविर, जिसके बाद भंडारा भी आयोजित किया गया, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिवंगत जुगल किशोर गुप्ता की चौथी पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
जुगल किशोर गुप्ता का पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए निधन हो गया था। दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वेद शर्मा ने उन्हें एक समर्पित और निस्वार्थ पार्टी कार्यकर्ता के रूप में याद किया जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और संगठन की सेवा में समर्पित कर दिया था।
उन्होंने कहा कि जुगल किशोर गुप्ता एक प्रतिबद्ध विचारक थे जिन्होंने जनता के कल्याण और पार्टी को मजबूत करने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन उनकी सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
वेद शर्मा ने आगे कहा कि भाजपा हमेशा से राजनीतिक सीमाओं से परे जनसेवा में विश्वास रखती आई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आयोजन उनके सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता