भूस्खलन के चलते उरी-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से फंसे कई यात्री

 

बारामुला, 26 मई (हि.स.)। मंगलवार को उरी-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिरी के धनखान इलाके के पास भारी भूस्खलन होने से इलाके में अफरा-तफरी और परेशानी का माहौल पैदा हो गया। भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह मलबे, पत्थरों और मिट्टी से भर गई जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

जानकारी के अनुसार पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक सड़क पर आ गिरा जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। सड़क से मलबा हटाने का कार्य जल्द शुरू हो गया ताकि यातायात बहाल किया जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें।

समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं थी। वहीं प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह