ऑर्डर 198-एफ पर बवाल, युवाओं के साथ सबसे बड़ा धोखा-भाजयुमो का उमर सरकार पर हमला

 


जम्मू, 04 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कच्ची छावनी जम्मू में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के आदेश संख्या 198-एफ 2026 के खिलाफ किया गया।

भाजयुमो नेता अरुण प्रभात ने इस आदेश को जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात बताया। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि इस आदेश को तुरंत पूरी तरह वापस लिया जाए और चुनावी वादा पूरा करते हुए एक लाख नौकरियों के लिए समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए।

प्रभात ने कहा कि पदों को फ्रीज करना और रिक्तियों को खत्म करना हजारों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी फिजूलखर्ची कम करने के बजाय बेरोजगार युवाओं पर बोझ डाल रही है जो उसकी “एंटी-यूथ” सोच को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ बंद नहीं किया तो जम्मू-कश्मीर में बड़ा जनआंदोलन खड़ा होगा। इस मौके पर भाजयुमो के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया