ग्राम सभा में हंगामा-आवास योजना सूची पर उठे सवाल

 


कठुआ, 27 जुलाई (हि.स.)। कठुआ जिला के पंचायत बुद्धि गांव में आयोजित ग्राम सभा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर जोरदार हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पंचायत अधिकारियों पर सवाल उठाए।

पूर्व नायब सरपंच ने बताया कि ग्राम सभा की सूचना उन्हें नहीं दी गई जबकि बैठक में 26 लाभार्थियों के नाम घोषित किए गए। उनका आरोप है कि गांव के दो अत्यंत गरीब परिवारों के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए जबकि पहले भी योजना के तहत कई संपन्न लोगों को बार-बार लाभ दिया गया है। ग्रामीणों ने जब इस पर अधिकारियों से सवाल किया तो कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और मौके पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना सही जांच के अमीरों को ग्रांट दी जा रही है जबकि वास्तविक जरूरतमंदों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में बीडीओ ने भी पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं बीडीओ ने स्पष्ट किया कि जारी की गई सूची अभी ड्राफ्ट है अंतिम सूची नहीं। उन्होंने कहा कि कुछ छूटे हुए नामों को लेकर लिखित रूप में प्रस्ताव भेजा गया है और पूरी जांच के बाद ही अंतिम सूची जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया