बे मौसमी बारिश ने किसानों की चिंता बड़ाई

 

जम्मू, 07 अप्रैल (हि.स.)।

जम्मू कश्मीर में मौसम का मिजाज बदल गया है। गेहूं की फसल पकने को तैयार है लेकिन बेमौसमी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि फसल के पकने के समय तेज धूप और गर्म तापमान की जरूरत होती है लेकिन पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

किसानों के अनुसार अगर इसी तरह बारिश जारी रही तो गेहूं की तैयार फसल को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस समय खेतों में खड़ी फसल को सूखे मौसम की आवश्यकता होती है ताकि दाने अच्छी तरह पक सकें और कटाई में भी आसानी हो सके। किसानों का कहना है कि बेमौसमी बारिश कहीं उनकी बंपर फसल की उम्मीदों पर पानी न फेर दे। किसान मन ही मन इंद्र देवता से मौसम साफ रहने की गुहार लगा रहे हैं ताकि उनकी मेहनत पर किसी तरह का संकट न आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता