केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने चिसोती क्षेत्र में एक स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित करने की घोषणा की

 

जम्मू, 05 जून (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को किश्तवाड जिले के बादल फटने से प्रभावित चिसोती क्षेत्र में एक स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। यह क्षेत्र में मौसम पूर्वानुमान और आपदा तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जम्मू और कश्मीर के चिसोती गांव जो किश्तवाड जिले में स्थित पूजनीय मचैल माता मंदिर का प्रवेश द्वार है 14 अगस्त, 2025 को बादल फटने से तबाह हो गया था जिसमें अधिकतर तीर्थयात्री सहित 65 लोगों की जान चली गई थी। 30 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा कि पिछले साल चिसोती में हुई आपदा जिसकी चर्चा लगातार हो रही है के मद्देनजर इस स्थान पर एक स्वचालित मौसम केंद्र और एक भूकंप विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परियोजना को शीघ्र ही कार्यान्वित किया जाएगा क्योंकि जिला प्रशासन ने सुविधाओं की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि को पहले ही मंजूरी दे दी है।

उन्होंने कहा कि मैंने कल ही किश्तवाड के उपायुक्त से बात की थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने ज़मीन को मंज़ूरी दे दी है इसलिए हम आगे बढ़ सकते हैं। हमने प्रशासन से परियोजना के लिए उपयुक्त ज़मीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इस पहल की तात्कालिकता पर ज़ोर देते हुए सिंह ने कहा कि लंबी औपचारिक प्रक्रियाओं का इंतज़ार किए बिना ही इस परियोजना को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें समर्पण और लगन से आगे बढ़ने पर ही सफल होती हैं। हमने औपचारिकताओं या प्रोटोकॉल का इंतज़ार नहीं किया। इसके बजाय हमने प्रगति सुनिश्चित करने के लिए पेशेवर तरीके से फॉलो-अप किया। मुझे यह जानकर खुशी हो रही है कि आवश्यक ज़मीन की पहचान कर ली गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता