चोरी के दो मामले सुलझे, तीन आरोपी गिरफ्तार, 10.36 लाख के सोने के आभूषण बरामद
सांबा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सांबा पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी के दो मामलों को सुलझाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10.36 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 35 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार राजपुरा क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में जांच के दौरान पुलिस ने रोहित चैहान उर्फ लब्बू और लवली कुमार उर्फ हैप्पी दोनों निवासी हरिये चक तहसील मढ़हीन जिला कठुआ को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर मेहबूब अख्तर निवासी डोडला तहसील बसोहली जिला कठुआ, वर्तमान निवासी तेली बस्ती बड़ी ब्राह्मणा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मेहबूब अख्तर की निशानदेही पर एक मामले में करीब 4.68 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद जबकि दूसरे चोरी के मामले में करीब 5.68 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के मुताबिक मेहबूब अख्तर के खिलाफ सांबा, कठुआ, जम्मू और रियासी जिलों के विभिन्न थानों में 26 से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं और वह वर्ष 2025 में पीएसए के तहत भी निरुद्ध रह चुका है। रोहित चैहान भी सांबा, कठुआ और जम्मू जिलों में दर्ज कई चोरी के मामलों में संलिप्त बताया गया है। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया