जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोगों की मौत

 

बनिहाल, 30 जून (हि.स.)। सोमवार देर रात रामबन जिले के पीराह क्षेत्र के पास जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला सहित कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना देर रात पीराह में न्यू खजूरिया ढाबा के पास हुई जब पंजीकरण संख्या आरजे37जीए-7418 वाले एक ट्रक ने जो जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा था एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अज्ञात पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2-3 अन्य घायल हो गए। घायलों और मृतक के शव को रामबन जिला अस्पताल ले जाया गया जहां राजस्थान निवासी नूरंग लाल के पुत्र सुभाष नामक एक अन्य घायल व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

चंदरकोट एसएचओ जतिंदर सिंह रकवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि यातायात सुचारू रूप से चलाने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को बाद में राजमार्ग के बीच से हटा दिया गया।

एसएचओ ने बताया कि दूसरे मृतक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने चंदरकोट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता