रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, जम्मू तवी-काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस में जुड़ेंगे 2 अतिरिक्त स्थायी कोच

 

जम्मू,, 03 सितंबर (हि.स.)।

रेल यात्रियों की सुविधा और आगामी त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने ट्रेन संख्या 12207/12208 जम्मू तवी-काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच स्थायी रूप से बढ़ाने का फैसला किया है। इसके साथ ही ट्रेन में थर्ड एसी कोचों की संख्या 11 से बढ़कर 13 हो जाएगी। नई व्यवस्था के तहत जम्मू तवी से काठगोदाम जाने वाली ट्रेन संख्या 12208 में यह बदलाव 13 सितंबर 2026 से जबकि काठगोदाम से जम्मू तवी आने वाली ट्रेन संख्या 12207 में 15 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा। इस कोच वृद्धि से प्रत्येक फेरे में करीब 144 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी।

रेलवे के अनुसार इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और वेटिंग लिस्ट में भी राहत मिलेगी। विशेष रूप से आगामी त्योहारी सीजन में उत्तराखंड की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता