पहलगाम सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, छह घायल

 

अनंतनाग, 17 जून(हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में पहलगाम के अरु इलाके में बुधवार को एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक इस हादसे में एक कार शामिल थी। घटना के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। हादसे की जगह से दो शव बरामद किए गए जबकि घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में ले जाया गया।

मरने वालों में से एक की पहचान इमरान अहमद गनी के तौर पर हुई है जो गाड़ी चला रहा था। अधिकारियों ने बताया कि जेके 03सी-6737 रजिस्ट्रेशन नंबर वाली गाड़ी में सवार लोग अनंतनाग ज़िले के डायलगम के पेथबुग इलाके के रहने वाले थे।

दूसरे मृतक की पहचान और घायलों की हालत के बारे में अभी पुष्टि नहीं हो पाई थी। इस बीच पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आगे की जांच चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता