खौड़ के दो युवक चिनाब नदी के किनारे से लापता, परिवार ने जताई डूबने की आशंका
जम्मू,, 09 अगस्त (हि.स.)।
खौड़ के वार्ड नंबर 8 निवासी दो युवक शुक्रवार शाम से लापता हैं। परिजनों के अनुसार, दोनों युवक शाम को घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की तो जानकारी मिली कि दोनों युवक गांव हमीरपुर-सिद्दर के पास चिनाब नदी के किनारे गए थे।
परिजन जब चिनाब नदी के किनारे पहुंचे तो वहां दोनों युवकों की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। इसके अलावा उनके कपड़े मोटरसाइकिल की चाबी, दोनों मोबाइल फोन और चप्पलों के जोड़े भी मौके पर पड़े मिले। सामान मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि दोनों युवक नदी में नहाने के दौरान डूब गए होंगे।
मामले की सूचना खौड़ पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ टीमों को दी गई। दोनों बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए हैं और चिनाब नदी में लापता युवकों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। हालांकि अभी तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लापता युवकों की पहचान राकेश सिंह पुत्र बलवान सिंह और गजे सिंह पुत्र विजय सिंह, दोनों निवासी खौड़ वार्ड नंबर 8 के रूप में हुई है। पुलिस और बचाव दल लगातार नदी के आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता