7 ग्राम चिट्टे के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, वाहन जब्त

 


कठुआ, 22 जून (हि.स.)। नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना राजबाग के खानपुर क्षेत्र में लगभग 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया जबकि वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चार पहिया ऑटो भी मौके पर जब्त कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार विश्वसनीय सूत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खानपुर क्षेत्र में विशेष नाका लगाकर जांच शुरू की। इस दौरान बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का एक संदिग्ध ऑटो रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से हेरोइन जैसी नशीली सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राणा सिंह पुत्र मलकीत सिंह और अरुण कांगला पुत्र तिलक राज दोनों निवासी जनयाल पठानकोट के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना राजबाग में एफआईआर नंबर 144/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया