जीजीएम साइंस कॉलेज में फ्रेंच भाषा पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित
जम्मू, 18 अप्रैल (हि.स.)। जीजीएम साइंस कॉलेज, जम्मू के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के सहयोग से बीसीए सेमेस्टर-2 के छात्रों के लिए फ्रेंच भाषा पर दो दिवसीय कार्यशाला सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को विदेशी भाषा कौशल से लैस कर उनकी वैश्विक रोजगार संभावनाओं को बढ़ाना रहा। कार्यशाला का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रमेश गुप्ता ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने डिजिटल युग में बहुभाषी ज्ञान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि फ्रेंच जैसी अंतरराष्ट्रीय भाषा में दक्षता आईटी पेशेवरों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकती है।
कार्यक्रम की शुरुआत में कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सुरिंदर सिंह ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और बताया कि विभाग तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यशाला के तकनीकी सत्रों का संचालन फ्रेंच भाषा विशेषज्ञ डॉ. दीपिका दत्ता द्वारा किया गया। उन्होंने छात्रों को फ्रेंच व्याकरण, उच्चारण और व्यावसायिक संचार की मूलभूत जानकारी प्रदान की। सत्रों को इंटरएक्टिव बनाया गया जिसमें व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रो. सुरेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए संसाधन व्यक्ति, कॉलेज प्रशासन और सभी सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रो. प्रीति गुप्ता, प्रो. अंकुश राज और प्रो. विप्पन कुमार ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा