उधमपुर में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

 


उधमपुर, 11 अगस्त(हि.स.)। हिमपात से प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में जनसंख्या गणना हेतु जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए नियुक्त जिला एवं प्रभार स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज यहां शुरू हुआ।

यह प्रशिक्षण उपायुक्त (प्रधान जनगणना अधिकारी) मिंगा शेरपा की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर जनगणना संचालन निदेशालय के विशेषज्ञ, सहायक निदेशक नोडल अधिकारी निमरत कौर और जिला समन्वयक अजीत राज ने जिला स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों, उपमंडल जनगणना अधिकारियों, प्रभार जनगणना अधिकारियों, जनगणना क्लर्कों और तकनीकी सहायकों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

अधिकारियों को जनसंख्या गणना की प्रमुख अवधारणाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सीएमएमएस पीई मॉड्यूल जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधान जनगणना अधिकारी ने निर्धारित समय सीमा के भीतर हिमपातग्रस्त क्षेत्रों में जनगणना 2027 के दूसरे चरण को पूरा करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने प्रभारी जनगणना अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनगणना दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए प्रवासी और बेघर आबादी का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रभारी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त जनशक्ति की पूर्ति के लिए आरक्षित गणनाकर्ताओं और पर्यवेक्षकों का प्रावधान रखा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता