रामबन में कार के अंदर दो पुलिसकर्मी मृत पाए गए
रामबन, 23 सितंबर (हि.स.)।
मंगलवार रात रामबन जिले की बटोत तहसील के सना इलाके में ज़ियारत मोड़ पर एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मी मृत पाए गए।
एक अधिकारी ने बताया कि देर रात जेके-19/5299 नंबर वाली फिएट लिनिया कार के अंदर दोनों कर्मी बेहोश पाए गए। स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल रामबन ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद (नंबर 408/आरबीएन) जो भट्टी रामबन के रहने वाले थे और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मुहम्मद याकूब (नंबर 309/आरबीएन) जो जटगली रामबन के रहने वाले थे के तौर पर हुई है।
दोनों जिला पुलिस लाइंस रामबन में तैनात थे। मेडिको-लीगल औपचारिकताओं के लिए शवों को अस्पताल में रखा गया है।
अधिकारी ने कहा कि उनकी मौत का सही कारण और परिस्थितियां तुरंत पता नहीं चल सकीं। पुलिस ने घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह