लखनपुर में गोवंश तस्करी के दो प्रयास विफल, 55 गोवंश मुक्त, दो गिरफ्तार
कठुआ, 24 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने लखनपुर टोल प्लाजा क्षेत्र में गोवंश तस्करी के दो प्रयासों को नाकाम करते हुए 55 गोवंश को मुक्त करवाया है। इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो ट्रकों को जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लखनपुर पुलिस की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा के पास नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंजाब से जम्मू-कश्मीर की ओर आ रहे एक संदिग्ध ट्रक नंबर आरजे11जीबी-2128 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में बेरहमी से लदे 30 गोवंश बरामद हुए जिन्हें मुक्त करवाया गया। पुलिस ने ट्रक में सवार मोहम्मद फरीद निवासी मढ़ जम्मू और मोहम्मद मुजम्मिल निवासी यासीन एकता कॉलोनी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया। इस संबंध में लखनपुर पुलिस थाने में एफआईआर नंबर 140/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी प्रकार दूसरे मामले में पुलिस ने लखनपुर क्षेत्र में पंजाब से जम्मू-कश्मीर की ओर आ रहे एक अन्य संदिग्ध ट्रक नंबर एचआर67बी-3704 को रुकने का इशारा किया। हालांकि पुलिस को देखकर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। ट्रक की तलाशी के दौरान उसमें बेरहमी से लदे 25 गोवंश बरामद हुए जिन्हें मुक्त करवाया गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर एफआईआर नंबर 145/2026 के तहत मामला दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश और मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार दोनों कार्रवाइयों में कुल 55 गोवंश को मुक्त करवाया गया, दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और दो ट्रक जब्त किए गए। पूरी कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की समग्र निगरानी में की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया