व्यापारियों की समस्याएँ लेकर सीएम से मिले त्रिकुटा नगर ट्रेडर्स ट्रैफिक, पार्किंग और प्रशासनिक बाधाओं पर त्वरित समाधान की उठाई मांग
जम्मू, 03 मार्च (हि.स.)। जम्मू के व्यापारी संघ त्रिकुटा नगर के अध्यक्ष अभिनव आनंद ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर व्यापारिक समुदाय से जुड़े कई अहम मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया। बैठक के दौरान अभिनव आनंद ने बताया कि बाजार क्षेत्रों में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या, पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं का अभाव और विभिन्न प्रशासनिक अड़चनें व्यापारियों के सुचारु कामकाज में गंभीर बाधा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने जोर देकर कहा कि व्यापारिक समुदाय क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाना चाहिए। अध्यक्ष अभिनव आनंद ने व्यापारी हितैषी नीतियों, बेहतर व्यावसायिक ढांचे और बाजार क्षेत्रों में प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि व्यापार क्षेत्र को सशक्त बनाने से न केवल स्थानीय बाजार मजबूत होंगे बल्कि रोजगार सृजन और समग्र आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि सरकार इन विषयों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाएगी। अंत में अध्यक्ष अभिनव आनंद ने मुख्यमंत्री का समय देने और सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा