पूर्व वित्त मंत्री गिरधारी लाल डोगरा की 39वीं पुण्यतिथि पर हीरानगर मोड़ में दी गई श्रद्धांजलि

 


हीरानगर, 27 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ राजनेता, पूर्व वित्त मंत्री एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय गिरधारी लाल डोगरा की 39वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को हीरानगर मोड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। समारोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय निवासियों और उनके प्रशंसकों ने भी भाग लेकर महान नेता को याद किया।

इस मौके पर सुभाष गुप्ता ने कहा कि गिरधारी लाल डोगरा का जम्मू-कश्मीर के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि देश के सबसे लंबे समय तक वित्त मंत्री रहने वाले नेताओं में शामिल डोगरा ने अपने कार्यकाल में 26 बजट पेश किए। उन्होंने हीरानगर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ लोकसभा में भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। सुभाष गुप्ता ने कहा कि गिरधारी लाल डोगरा की राजनीति ईमानदारी, सादगी और गरीब एवं वंचित वर्गों की सेवा पर आधारित थी। महत्वपूर्ण सरकारी पदों पर लंबे समय तक रहने के बावजूद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में अपनी साफ-सुथरी छवि बनाए रखी। उनके आदर्श और जनकल्याण के प्रति समर्पण आज भी नेताओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर अनंत राम डोगरा, प्रवीण भगत, भोला नाथ शर्मा, राकेश शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, रोमेश वर्मा, मोहिंदर पाल शर्मा, सतपाल चैधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया