कर्तव्य पथ पर शहीद हुए फोटो पत्रकार अशोक सोढ़ी को श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रख किया याद
कठुआ, 11 मई (हि.स.)। फोटो पत्रकार स्वर्गीय अशोक सोढ़ी की पुण्यतिथि पर सोमवार को कठुआ में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विधायक डॉ. भारत भूषण सहित जिले के मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों ने एकत्र होकर दिवंगत अशोक सोढ़ी को पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।
गौरतलब है कि 11 मई 2008 को अशोक सोढ़ी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सांबा के एक सेना शिविर पर हुए आतंकी हमले के दौरान शहादत पाई थी। करीब 13 घंटे तक चले इस मुठभेड़ में ट्रेड यूनियन नेता होशियार सिंह और उनकी पत्नी समेत कुल छह लोगों की जान चली गई थी। इस मौके पर विधायक डॉ. भारत भूषण ने अशोक सोढ़ी के व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए कहा कि उनका समर्पण और साहस आने वाली पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम में विभिन्न प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अशोक सोढ़ी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया