कठुआ जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित

 


कठुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान के तीसरे दिन मंगलवार को जिलेभर में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बिलावर स्थित मंडल वन कार्यालय में एडीसी बिलावर विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में पौधरोपण अभियान चलाया गया। डीएफओ इंदु शर्मा सहित अधिकारियों ने पौधे लगाए। इस दौरान एक पेड़ नशे के विरुद्ध अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। हीरानगर उपमंडल में एसडीएम फूलैल सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित हुए। वहीं नगरपालिका बिलावर, जीडीसी बनी और जीडीसी महानपुर में पौधरोपण अभियान चलाए गए।

जीडीसी महानपुर में विद्यार्थियों और स्टाफ ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कठुआ मुख्यालय लखनपुर में भी अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पौधों को पानी दिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रमों के माध्यम से जिलेभर में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया