एनसीसी कैडेट्स को आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण

 


जम्मू, 20 जून (हि.स.)। सिविल डिफेंस जम्मू ने 7 जम्मू-कश्मीर बटालियन एनसीसी, कुपवाड़ा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमित भारद्वाज के अनुरोध पर नगरोटा ट्रेनिंग अकादमी (एनटीए) में एक दिवसीय सिविल डिफेंस जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी तजिंदर कौर, प्रभारी उप नियंत्रक सिविल डिफेंस जम्मू की देखरेख में किया गया। शिविर में कारगिल, लेह, कश्मीर और जम्मू से आए लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर का उद्देश्य कैडेट्स को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक जीवन रक्षक कौशलों से प्रशिक्षित करना था। इस दौरान सिविल डिफेंस अधिकारियों ने प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), सीपीआर, अग्निशमन, खोज एवं बचाव तकनीकों तथा आपदा प्रबंधन संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। विभिन्न आपात स्थितियों से निपटने के लिए लाइव प्रदर्शन भी किए गए। कर्नल अमित भारद्वाज ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदार और सक्षम नागरिक बनाने में सहायक है।

वहीं मुख्य वार्डन परमजीत कुमार और उप मुख्य वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने प्राकृतिक आपदाओं, आगजनी, औद्योगिक दुर्घटनाओं और अन्य संकटों के दौरान सिविल डिफेंस वार्डनों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा