जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो दिनों बाद यातायात बहाल
जम्मू, 09 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में पिछले दो दिनों से भूस्खलन के कारण सड़कें अवरुद्ध होने के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात गुरुवार को बहाल कर दिया गया। कश्मीर को देश के बाकी हिस्से से हर मौसम में जोड़ने वाला एकमात्र रणनीतिक 270 किलोमीटर लंबा राजमार्ग सोमवार तड़के कई भूस्खलनों के कारण अवरुद्ध हो गया था।
अधिकारियों ने कहा कि हालांकि राजमार्ग को मंगलवार सुबह कुछ घंटों के लिए फिर से खोला गया था, लेकिन दो बड़े भूस्खलनों के कारण इसे फिर से बंद करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने रामबन जिले के शालगढ़ी, बनिहाल, डिगडोल, खूनी नाला, करोल ब्रिज और चंद्रकोट इलाकों में भूस्खलन को साफ करने के बाद 900 से अधिक वाहनों को निकाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह