अनंतनाग रोड पर भारी बारिश के कारण यातयात बाधित

 

अवंतीपोरा 12 अगस्त (हि.स.)।बुधवार को अवंतीपोरा में श्रीनगर-अनंतनाग रोड पर भारी बारिश के कारण जगह-जगह पानी भर गया। इसके चलते ट्रैफिक बाधित हुआ और यात्रियों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा।

जानकारी के अनुसार सड़क का यह हिस्सा बारिश के पानी से भर गया जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रभावित हिस्से से गाड़ियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पानी भरे हिस्से पर यातायात रोक दिया गया है और गाड़ियों को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है ताकि और रुकावट न हो और गाड़ियों को कोई नुकसान न पहुंचे।

वहीं जलजमाव का असर मुख्य सड़क से आगे तक फैल गया है। बारिश का पानी पास के एक गुरुद्वारे के साथ-साथ दुकानों और घरों में भी घुस गया है जिससे इलाके के लोगों और कारोबारियों को परेशानी हो रही है।

वहीं इस दौरान ट्रैफिक को कंट्रोल करने और गाड़ियों को पानी भरे हिस्से में जाने से रोकने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं।

गौरतलब है कि जलजमाव ने एक बार फिर भारी बारिश के दौरान श्रीनगर-अनंतनाग रोड की कमज़ोरी को उजागर कर दिया है।

प्रभावित रास्ते पर ट्रैफिक को संभालने के लिए अधिकारी काम कर रहे हैं जबकि यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता