लद्दाख में पर्यटन नई ऊंचाइयों पर, 2026 में 4 लाख से ज़्यादा पर्यटकों ने किया दौरा - उप-राज्यपाल सक्सेना

 

लद्दाख, 9 सितंबर (हि.स.)। लद्दाख के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बुधवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है और 2026 के शुरुआती आठ महीनों में 4.05 लाख पर्यटक इस पहाड़ी इलाके में आए हैं।

उप-राज्यपाल ने कहा कि साल-दर-साल पर्यटन में यह बढ़ोतरी प्रधानमंत्री जी की घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की सोच, केंद्र सरकार द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर लगातार ज़ोर देने और लद्दाख में पर्यटन-अनुकूल पॉलिसी फ्रेमवर्क का नतीजा है।

अपने एक्स हैंडल पर आंकड़े शेयर करते हुए सक्सेना ने बताया कि 2026 के सिर्फ़ आठ महीनों में लद्दाख में 4.05 लाख पर्यटक आए जो 2025 में आए कुल 3.35 लाख पर्यटकों की संख्या से 20.61 प्रतिशत ज़्यादा है। पिछले साल के आंकड़ों की 2026 के आंकड़ों से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि इस साल लद्दाख में पर्यटकों की संख्या में 50.37 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि जनवरी से अगस्त 2025 के बीच लद्दाख में 2.69 लाख पर्यटक आए जिनकी संख्या जनवरी से अगस्त 2026 के दौरान बढ़कर 4.05 लाख हो गई यह 50.37% की बढ़ोतरी है। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में कुल 45,201 पर्यटक आए थे जिनकी संख्या अगस्त 2026 में बढ़कर 74,753 हो गई जो 65.38 प्रतिशत की वृद्धि है।

आगे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जनवरी से अगस्त 2025 के बीच लद्दाख में 25,082 विदेशी पर्यटक आए जिनकी संख्या 2026 में इसी अवधि के दौरान बढ़कर 33,346 हो गई जो 32.95 प्रतिशत की वृद्धि है। उप-राज्यपाल ने कहा कि ये आंकड़े पर्यटन में हुई ज़बरदस्त बढ़ोतरी को दर्शाते हैं। सक्सेना ने लद्दाख में एक टिकाऊ ज़िम्मेदार और साल भर चलने वाली पर्यटन अर्थव्यवस्था बनाने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि ऑफ-सीज़न त्योहारों और कार्यक्रमों को बढ़ावा देकर हम अपने स्थानीय युवाओं, कारीगरों और होमस्टे चलाने वालों के लिए लगातार आजीविका के अवसर पैदा कर रहे हैं, साथ ही पर्यटकों को शांतिपूर्ण, कम भीड़-भाड़ वाला और किफायती अनुभव भी दे रहे हैं। उन्होंने सभी यात्रियों से लद्दाख की बेमिसाल सुंदरता और संस्कृति को देखने और अनुभव करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता