कठुआ में मूसलाधार बारिश का कहर, जनजीवन अस्त-व्यस्तय कई गांवों का संपर्क टूटा, प्रशासन अलर्ट
कठुआ, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर मैदानी क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं वहीं दूसरी ओर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के चलते आवाजाही ठप हो गई है।
जिले के प्रमुख जल स्रोत मगर खड्ड, उज्ज दरिया और सहार खड्ड में जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। तेज बहाव के चलते आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खासकर कंडी क्षेत्र में कई गांवों का संपर्क कट गया है जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कठुआ शहर के समीप मगर खड्ड के पास स्थित चक गोटा गांव को जाने वाला रास्ता बाढ़ की चपेट में आ गया है। इस कारण करीब 500 परिवार प्रभावित हुए हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लेते हुए प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसी तरह कठुआ के निचले इलाके शेरपुर की ओर जाने वाला मार्ग भी बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
उधर शहर में जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई है। भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया जबकि नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता नजर आया जिससे गंदगी फैल गई और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हटली मोड़ के पास जलभराव की स्थिति गंभीर बनी रही जहां कई वाहन पानी में फंस गए और खराब हो गए। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं,जिससे यातायात बाधित हुआ है। जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के पास न जाएं और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। पुलिस विभाग ने भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत संपर्क करने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया