विवादित पुस्तकों के मामले में जम्मू-कश्मीर में तीन प्रकाशक गिरफ्तार
जम्मू,, 12 जुलाई (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर में आपत्तिजनक सामग्री वाली पुस्तकों के मामले में काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने तीन प्रकाशकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जम्मू और दिल्ली में की गई संयुक्त कार्रवाई के बाद हुई है। जांच एजेंसियां उन प्रकाशकों की भूमिका की जांच कर रही हैं जिन पर ऐसी पुस्तकों के प्रकाशन और वितरण में शामिल होने का आरोप है जिनमें अत्यधिक अनुचित सामग्री होने की बात सामने आई है।
मामले में 4 जुलाई को काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 13 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। यह कार्रवाई सरकारी पुस्तकालयों में मिली दो पुस्तकों को लेकर शुरू हुई जिन पर आरोप लगाया गया कि उनमें अलगाववादी नेताओं का महिमामंडन किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए प्रकाशकों में ओबेरॉय बुक सर्विस के इंदरपाल तथा डोमिनेंट पब्लिशर्स के अमरदीप सिंह और गिरीश अरोड़ा शामिल हैं। इससे पहले दोनों प्रकाशन संस्थानों को सरकार द्वारा ब्लैकलिस्ट किया जा चुका था और 6 जुलाई को उनके परिसरों पर छापेमारी भी की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जानकारी के अनुसार, एक पुस्तक की 123 प्रतियां जम्मू, रामबन और उधमपुर जिलों में भेजी गई थीं, जबकि दूसरी पुस्तक की 128 प्रतियां जम्मू और बारामूला जिलों में वितरित की गई थीं। इस मामले में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्कूल शिक्षा विभाग के आठ अधिकारियों को निलंबित किया है, जबकि एक संविदा कर्मचारी को बर्खास्त कर जांच के आदेश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने दोनों पुस्तकों को 3 जुलाई को वापस लेने का आदेश जारी किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता