कठुआ में जनगणना 2027 फेज-1 की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

 


कठुआ, 23 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा जनगणना 2027 के फेज-1 (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना) के लिए आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया।

कार्यक्रम का आयोजन निदेशालय जनगणना संचालन, जम्मू-कश्मीर के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया, जिसका उद्देश्य जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों/कर्मचारियों की क्षमता को सुदृढ़ करना था। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान अधिकारियों को हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं, उनकी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, उन्हें जनगणना प्रबंधन एवं प्रणाली और एचएलबीएस वेब एप्लिकेशन के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

यह प्रशिक्षण 16, 18 और 23 मार्च 2026 को विभिन्न सत्रों में आयोजित किया गया, ताकि जनगणना 2027 फेज-1 के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए सभी प्रक्रियात्मक पहलुओं को कवर किया जा सके। जिला उपायुक्त कठुआ एवं प्रधान जनगणना अधिकारी राजेश शर्मा ने सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों के महत्व पर जोर देते हुए फील्ड स्तर के कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पेशेवर ढंग से करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और डिजिटल टूल्स व प्रक्रियात्मक ढांचे की व्यावहारिक जानकारी हासिल की। कार्यक्रम का समापन संवादात्मक चर्चा के साथ हुआ, जिसमें फील्ड स्तर की चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर शंकाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला उपायुक्त विश्वजीत सिंह, जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन अधिकारी सिद्धार्थ आनंद, जिला सूचना अधिकारी शुभम सिंह, नोडल अधिकारी सेरिन कोहली, निदेशालय जनगणना संचालन के जिला समन्वयक हिमांशु कौल एवं संजय कुमार सहित तहसीलदार, कार्यपालक अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया