कठुआ में पोलियो पर वार-तीन दिवसीय मेगा अभियान शुरू, 1 लाख से अधिक बच्चों को मिलेगी सुरक्षा कवच

 


कठुआ, 28 जून (हि.स.)। जिले में बच्चों को पोलियो जैसी घातक बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तीन दिवसीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का भव्य आगाज किया गया। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सरकारी महात्मा गांधी अस्पताल में बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

इस मौके पर उन्होंने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि भारत ने लगातार प्रयासों से पोलियो को काबू में रखा है और इसे जड़ से खत्म रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। अभियान के दौरान एसीआर कठुआ विश्व प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना, मेडिकल सुपरिटेंडेंट एएच जीएमसी कठुआ डॉ. नीरज नागपाल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वासना शर्मा सहित कई वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने जानकारी दी कि इस तीन दिवसीय अभियान में जिले के एक लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 28 जून को सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जा रही हैं जबकि 29 और 30 जून को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों, प्रवासी आबादी और प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट्स को कवर करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक टीकाकरण से वंचित न रह जाए। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए प्रबंधों की समीक्षा करते हुए फील्ड स्टाफ से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि 100 प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल किया जा सके। जिले भर में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रूप से अभियान को सफल बनाने में जुटी हैं, जिससे आने वाली पीढ़ी को पोलियो के खतरे से पूरी तरह सुरक्षित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया