गोवंश तस्करी के तीन प्रयास विफल, 39 गोवंश मुक्त करवाए, तीन गिरफ्तार

 


कठुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। जिला कठुआ में गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लखनपुर और हीरानगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में 39 गोवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त करवाया है। इस दौरान तीन ट्रक जब्त किए गए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई 20 नवंबर को लखनपुर क्षेत्र में नाके के दौरान की गई जहां जम्मू-कश्मीर से पंजाब की ओर जा रहे ट्रक नंबर जेके21-9187 की जांच में 14 भैंसें अमानवीय तरीके से लदी मिलीं। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

दूसरी कार्रवाई हीरानगर थाना क्षेत्र में हुई जहां पंजाब से जम्मू की ओर आ रहे ट्रक नंबर जेके03ई-2477 से 11 गोवंश मुक्त करवाए गए। वहीं तीसरी कार्रवाई 21 नवंबर को हीरानगर में की गई जहां ट्रक नंबर जेके21जी-7844 से 14 गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरी कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा की निगरानी में की गई। कठुआ पुलिस ने लोगों से गोवंश तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 या 9858034100 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया