कठुआ में चोरों के हौसले बुलंद-पटेल नगर में लाखों के गहने चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच

 


कठुआ, 01 मार्च (हि.स.)। कठुआ शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल है। चोर खासकर उन घरों को निशाना बना रहे हैं, जहां परिवार के सदस्य शादी समारोह या किसी जरूरी काम से एक-दो दिन के लिए बाहर गए होते हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि चोरों को घर खाली होने की जानकारी कैसे मिल रही है, जो जांच का अहम विषय बन गया है।

ताजा मामला कठुआ शहर के पटेल नगर इलाके का है, जहां चोरों ने मीनाक्षी सब्ंयाल के घर को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी संब्याल किसी जरूरी काम से घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचीं। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और चोर लाखों रुपये के गहने चोरी कर ले गए थे। घटना की सूचना तुरंत कठुआ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है और आशंका जताई जा रही है कि इन वारदातों के पीछे नशे के आदी युवाओं या स्थानीय स्तर पर रेकी करने वाले लोगों का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया