विवादित पुस्तक मामले की उच्चस्तरीय जांच हो, दोषियों पर हो कार्रवाई: कांग्रेस
जम्मू, 04 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) ने कथित विवादित पुस्तक को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पार्टी ने जांच पूरी होने तक संबंधित पुस्तक पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है। जेकेपीसीसी के मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा कि यदि मीडिया में सामने आई जानकारी के अनुसार पुस्तक में आपत्तिजनक सामग्री है तो ऐसी किसी भी शरारत या साजिश के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर किन लोगों ने इस पुस्तक को मंजूरी दी और इसे स्कूलों अथवा सरकारी संस्थानों तक पहुंचाने की अनुमति कैसे मिली।
रविंदर शर्मा ने कहा कि जांच पूरी होने तक संबंधित पुस्तक पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए तथा इसके पीछे यदि कोई साजिश है तो उसे भी उजागर किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग संविधान और राष्ट्र का विरोध करते रहे हैं उनका महिमामंडन नहीं किया जाना चाहिए और न ही उन्हें छात्रों के सामने नायक के रूप में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा