पाठ्यक्रम से महान चिंतकों को हटाने पर बवाल, मंत्री जावेद राणा का कड़ा विरोध
जम्मू, 23 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मंत्री जावेद अहमद राणा ने जम्मू विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा अल्लामा मोहम्मद इकबाल और सर सैयद अहमद खान को पाठ्यक्रम से हटाने की कथित सिफारिश पर कड़ा विरोध जताया है।
मंत्री ने इस कदम को “हास्यास्पद और बौद्धिक तोड़फोड़” करार देते हुए कहा कि यह उच्च शिक्षा के मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले संस्थान की शैक्षणिक साख को कमजोर कर सकते हैं और विश्वविद्यालय को वैचारिक संकीर्णता की ओर धकेल सकते हैं। राणा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जिम्मेदारी के साथ स्वायत्तता का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा संस्थान विचार-विमर्श, विविधता और आलोचनात्मक सोच के केंद्र होने चाहिए, न कि इतिहास के चयनात्मक पुनर्लेखन के मंच। उन्होंने नागरिक समाज और अकादमिक संस्थाओं से भी इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने और शिक्षा के मूल उद्देश्यों की रक्षा करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया