पल्ली मोड़ में दिनदहाड़े चोरी, अलमारी तोड़कर नकदी-जेवरात ले गए चोर, आंगन से स्कूटी भी उड़ाई

 


कठुआ, 01 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय कठुआ से करीब 10 किलोमीटर दूर पल्ली मोड़ क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं चोर घर के आंगन में खड़ी स्कूटी भी चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पीड़ित गुरदीप सिंह ने बताया कि वह किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे। करीब शाम पांच बजे जब वह वापस घर पहुंचे तो घर के अंदर रखी अलमारी टूटी हुई मिली। जांच करने पर अलमारी में रखी करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब पाया गया। उन्होंने बताया कि उनकी माता की तबीयत खराब है और उनका विजयपुर स्थित एम्स में उपचार चल रहा है जिसके चलते वह घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के आंगन में खड़ी स्कूटी नंबर जेके08पी-8678 भी ले गए। पीड़ित के अनुसार स्कूटी की चाबी घर के अंदर ही रखी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित गुरदीप सिंह ने आशंका जताई कि क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारण नशे के आदी युवाओं द्वारा ऐसी वारदातों को अंजाम दिया जा सकता है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही चोरी के पीछे वास्तविक कारण और आरोपियों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया