26 और 27 मई को केंद्र शासित प्रदेश में मौसम आम तौर पर गर्म और शुष्क रहने की संभावना

 

श्रीनगर, 25 मई (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 मई की सुबह जम्मू और कश्मीर में आम तौर पर शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है। दोपहर और शाम के समय छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई को केंद्र शासित प्रदेश में मौसम आम तौर पर गर्म और शुष्क रहने की संभावना है।

विभाग ने बताया कि 28 से 29 मई तक जम्मू और कश्मीर में आम तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है साथ ही छिटपुट से लेकर व्यापक स्थानों पर एक या दो बार बारिश, गरज के साथ बौछारें, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 30 मई से 3 जून तक मौसम आम तौर पर शुष्क रहने की संभावना है हालांकि शाम के समय छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

मौसम विभाग ने अपनी सलाह में चेतावनी दी है कि 28 और 29 मई को कुछ स्थानों पर गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने यह भी कहा कि जम्मू डिवीजन के कई स्थानों पर गर्म और शुष्क मौसम रहने की संभावना है और 26 और 27 मई को कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता