जम्मू-कश्मीर में मौसम ज़्यादातर शुष्क रहेगा, 23 अक्टूबर को कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना

 

श्रीनगर, 22 अक्टूबर(हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, गुरुवार शाम से कश्मीर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

23 अक्टूबर की दोपहर तक मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद देर दोपहर या शाम के समय कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 24 अक्टूबर को देर दोपहर के समय मौसम में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 से 31 अक्टूबर तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। 1 से 3 नवंबर के बीच आसमान में बादल छाए रह सकते हैं साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को फसल की कटाई और अन्य कृषि कार्य जारी रखने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता