चिनाब नदी का जलस्तर अब घटकर करीब 29 फीट पर पहुंचा, लोगों ने ली राहत की सांस
जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। जम्मू जिले के उपजिला अखनूर के जिया पोत घाट पर चिनाब नदी का जलस्तर अब घटकर करीब 29 फुट पर पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल था लेकिन जलस्तर में आई गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली है।
हालांकि एसडीआरएफ के जवान और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। टीम लगातार नदी पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील कर रही है कि वे किसी भी स्थिति में चिनाब नदी के किनारे न जाएं तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें चिंता थी कि नदी का जलस्तर 30 फुट से नीचे नहीं आएगा लेकिन अब जलस्तर करीब 29 फुट तक पहुंचने से कुछ राहत जरूर महसूस हो रही है। इसके बावजूद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम और ऊपरी क्षेत्रों में होने वाली बारिश को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
प्रशासन ने अपील की है कि चिनाब नदी के किनारे जाने से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या एसडीआरएफ को सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता