चित्रकला व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जनजातीय विरासत के रंग बिखरे

 


कठुआ, 3 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव पखवाड़ा-2026 के तहत कठुआ जिले में मंगलवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों, कॉलेजों, आंगनवाड़ी केंद्रों और पंचायतों में चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित कई जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘मेरा जनजातीय समुदाय, मेरी विरासत’ विषय पर चित्रों के माध्यम से जनजातीय समुदायों की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली, रीति-रिवाजों और लोक कलाओं को प्रदर्शित किया।

जिले के जीएचएसएस महानपुर, नगरी परोल, कोटपुन्नू, कूटा, चंदवां व जखबड़ सहित कई स्कूलों तथा जीडीसी महानपुर और बनी में कार्यक्रम आयोजित हुए। इसके अलावा जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर निबंध लेखन प्रतियोगिताएं और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। आंगनवाड़ी केंद्रों और पंचायतों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जनजातीय समुदाय के लोगों ने पारंपरिक हस्तशिल्प, लोकगीत और अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।

गौरतलब है कि 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस पखवाड़े का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के योगदान, विशेषकर स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को सम्मान देना तथा उनकी भाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया