नुक्कड़ नाटक “नशे को बुलावा, मौत को बढ़ावा” ने दिया सशक्त सामाजिक संदेश
जम्मू, 25 मई (हि.स.)। एक साथ रंग मंडल द्वारा सोमवार थिएटर श्रृंखला के तहत 518वां सोमवार थिएटर आज पक्का तालाब, जेएमसी पार्क, रेहरी चौक के निकट आयोजित किया गया। इस अवसर पर नशा विरोधी विषय पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक “नशे को बुलावा मौत को बढ़ावा” प्रस्तुत किया गया जिसने उपस्थित दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। नाटक में सामाजिक कार्यकर्ता विश्व मित्तर के प्रयासों को केंद्र में रखते हुए नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया गया। उनके प्रयासों को समाज में नशा उन्मूलन अभियान के रूप में दर्शाया गया जिसमें उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं और उनके परिवारों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशा केवल एक आदत नहीं बल्कि एक गंभीर सामाजिक बुराई है जो धीरे-धीरे व्यक्ति को मृत्यु की ओर ले जाती है। इसमें यह भी दर्शाया गया कि नशे का सेवन प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर करता है और लंबे समय में लीवर सिरोसिस, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों तथा ओवरडोज जैसी घातक स्थितियों का कारण बन सकता है। संदेश में यह भी रेखांकित किया गया कि नशा न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि मानसिक शांति, उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी समाप्त कर देता है। साथ ही यह पारिवारिक आर्थिक स्थिति और भावनात्मक संतुलन को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है।
नाटक में यह संदेश दिया गया कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा या साथियों के दबाव से होती है जो धीरे-धीरे गंभीर लत में बदल जाती है। इसलिए समाज को इस चक्र को तोड़कर नशामुक्त जीवन की ओर बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में दर्शकों ने नुक्कड़ नाटक की थीम और संदेश की सराहना की तथा इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस प्रस्तुति में कलाकार शैले सिंह, शिवानी और विजय मल्ला ने अपनी प्रभावशाली भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा