एसएसपी कठुआ ने श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 को लेकर सुरक्षा समीक्षा बैठक की

 


कठुआ, 25 जुलाई (हि.स.)। श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हेतु एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने जिला पुलिस लाइन कठुआ में संयुक्त सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में यात्रा मार्ग की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था, काफिला प्रबंधन, क्यूआरटी तैनाती और आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को उच्च सतर्कता बरतने, सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने और यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लंगरों, ठहराव केंद्रों व अन्य यात्रा स्थलों की नियमित जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही बॉर्डर एनएच और रेलवे ट्रैक पर चैबीसों घंटे निगरानी, नाका चेकिंग व एरिया डोमिनेशन बढ़ाने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने और 24×7 मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल देते हुए यात्रा के सुरक्षित व सुचारू संचालन के लिए सतर्क रहने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया