बारामुला में तेंदुए को देखे जाने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई

 

बारामुला, 26 मार्च (हि.स.)।

जिले के तहसील पटन के वानीगाम पाखीपोरा इलाके में बीती रात करीब 11 बजे एक तेंदुए को देखे जाने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार तेंदुए का यह वीडियो एक गुजरती गाड़ी से रिकॉर्ड किया गया है जिसमें वाहन में संगीत भी बज रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेंदुआ सड़क के पास दिखाई दिया और कुछ समय बाद अंधेरे में ओझल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है और उन्होंने संबंधित विभागों से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

स्थानीय निवासियों ने वन्यजीव विभाग से अपील की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। वहीं प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता